कंटेनर की टक्कर से घायल राजमिस्त्री की मौत
जलपाईगुड़ी के फूलबाड़ी में कंटेनर की टक्कर से घायल राजमिस्त्री की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह अपने परिवार का इकलौता सहारा था।
जलपाईगुड़ी के फूलबाड़ी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अनियंत्रित कंटेनर की टक्कर से घायल हुए एक राजमिस्त्री ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान फांसीदेवा ब्लॉक के रहमजोत गांव के निवासी गौरांग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह गौरांग अपनी साइकिल से रोजाना की तरह काम पर जा रहे थे, तभी फूलबाड़ी के अमाईदीघी के पास एक कंटेनर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिवार का इकलौता सहारा था गौरांग
हादसे की सूचना मिलते ही फूलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गौरांग को तुरंत उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, सोमवार तड़के इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
गौरांग के निधन की खबर मिलते ही उनके गांव में मातम पसर गया है। वह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। राजमिस्त्री का काम कर वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी इस असमय मौत से अब उनके परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।